नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ छात्राओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन के. डबकरा के निर्देशन में निष्ठापूर्वक शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखने और लोकतांत्रिक कर्तव्यों के पालन करने की शपथ ली। इस दौरान सभी ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखते हुए स्वतंत्र निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर धर्म वर्ग जाति समुदाय भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संदेश में कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में मतदाताओं की भागीदारी आवश्यक है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के माध्यम से हम सभी का दायित्व है कि हम स्वयं भी मतदान करते हुए अन्य नये मतदाताओं को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में महाविद्यालय के तृतीय वर्ष की छात्रा पायल बंजारा को मतदाता जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य हेतु तथा एमएससी की छात्रा हर्षिता को जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर जिले के माननीय कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा पुरस्कृत किया गया। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालयीन परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।