ग्वालियर। 76वां का गणतंत्र दिवस पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह ग्वालियर के ऐतिहासिक एसएएस ग्राउंड पर होगा। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सुबह 9 बजे ध्वज फहराकर कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
ध्वजारोहण के बाद आरक्षक सुनील यादव अपने दांतों से 8 गाड़ियों को खींचकर हैरत-अंगेज करतब दिखाएंगे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अलग-अलग विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन होगा
गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि सिलावट ध्वज फहराने के बाद प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजन एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। साथ ही स्कूली बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का मुख्य आकर्षण होंगे।
समारोह में 14वीं वाहिनी के आरक्षक सुनील यादव अपने दांतों से एक साथ 8 गाड़ियां खींचने का हैरत अंगेज करतब दिखाएंगे। इस अवसर पर आकर्षक विभागीय झांकियां भी निकलेंगीं।
भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय समेत विकास खंड, तहसील और ग्राम स्तर पर राष्ट्रीयता की भावना पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा
बालिकाओं के साथ करेंगे सुरुचि भोज
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के बाद सीएम राइज स्कूल शासकीय पद्मा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचेंगे। वे यहां पर बालिकाओं के साथ भोज करेंगे।
कलेक्ट्रेट में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
संयुक्त राजस्व भवन में प्रातरू 8 बजे संभाग आयुक्त मनोज खत्री और कलेक्ट्रेट में प्रातरू 8रू15 बजे कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह करेंगे ध्वजारोहण।
इस मौके पर विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह जिला पंचायत, जिले के सभी जनपद पंचायत के मुख्यालयों, नगर निगम ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों में तिरंगा फहराया जाएगा।
रोशनी से जगमग रहेंगे भवन
गणतंत्र दिवस की संध्या पर महत्वपूर्ण शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और रात्रि में रोशनी की जाएगी।
सुरक्षा घेरे में एसएएफ मैदान
गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन स्थल एसएएफ ग्राउंड की सुरक्षा के लिए 2-8 का गार्ड तैनात किया है। जिसमें 1-4 का गार्ड मैदान की सुरक्षा तथा 1-4 का गार्ड मंच की सुरक्षा के लिए तैनात किया है।