मंदसौर। लीड कॉलेज में परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि नजदीक आते ही विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। कॉलेज प्रशासन द्वारा केवल एक काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
रतलाम से आए छात्र विशाल धाकड़ ने बताया कि वह एक घंटे से लाइन में खड़े हैं और अभी भी उतना ही समय और लगने की संभावना है। उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन को कम से कम दो-तीन काउंटर की व्यवस्था करनी चाहिए थी। छात्रा विशाखा ने बताया कि उन्हें आधे घंटे से अधिक समय से प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
प्राचार्य बोले- समय रहते फॉर्म जमा नहीं करने पर बनी स्थिति
कॉलेज के प्राचार्य जे एस दुबे ने स्थिति पर स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 फरवरी है। शुक्रवार को अधिक भीड़ के कारण कुछ छात्रों के फॉर्म जमा नहीं हो पाए थे, इसलिए शनिवार को अवकाश होने के बावजूद विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर छात्र समय रहते फॉर्म जमा कर देते तो यह स्थिति नहीं बनती।