कुकड़ेश्वर। सेवा अर्पण सेवा न्यास कुकड़ेश्वर के सौजन्य से भगवान महावीर शासकीय अस्पताल, कुकड़ेश्वर में एक विशाल निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक चला, जिसमें 225 नेत्र रोगियों की निशुल्क जांच की गई।
शिविर में 96 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जबकि अन्य मरीजों को निशुल्क दवाइयाँ व चश्मे वितरित किए गए। इस पुनीत कार्य में कुकड़ेश्वर के वरिष्ठ रिटायर्ड शिक्षक कन्हैया दास बैरागी ने 51,00 रुपए की राशि दान स्वरूप प्रदान की, जिसके लिए उन्हें सेवा अर्पण सेवा न्यास द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस आयोजन में गोमाबाई नेत्रालय, जिला अंधत्व निवारण समिति एवं सेवा अर्पण सेवा न्यास कुकड़ेश्वर की अहम भूमिका रही। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मोतियाबिंद, काला पानी, नासूर, पर्दे की बीमारी जैसी समस्याओं की विस्तृत जाँच की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोमाबाई नेत्रालय के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं सेवा अर्पण सेवा न्यास कुकड़ेश्वर के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति में तेजकरण सोनी, शिवनारायण आचार्य, शांतिलाल जोशी, जुगल किशोर व्यास, नंदकिशोर मालवीय, मधुसूदन आचार्य, ओम प्रकाश शर्मा, आर. एल. चौधरी, विद्युत मुन्नालाल बारीवाल, सुधीर पटवारी एडवोकेट, प्रकाश जैन, मोहनलाल निंबोदिया, सतीश खलिया सहित कई गणमान्य नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों एवं सहयोगियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई तथा भविष्य में भी ऐसे सेवाभावी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।