कुकडेश्वर। मेघवाल समाज सेवा समिति भादवा माता, नीमच के तत्वाधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 648वीं जयंती का भव्य आयोजन रविवार, 16 फरवरी 2025 को किया जाएगा। यह महोत्सव सुबह 8.00 बजे से मेघवाल सूर्यवंशी समाज धर्मशाला, भादवा माता में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा।
बैठक में तैयार हुई कार्ययोजना-
इस महोत्सव की कार्ययोजना को लेकर मेघवाल समाज धर्मशाला भादवा माता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ संत रविदास जी महाराज एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैठक में उपस्थित समाजजन ने जयंती को भव्य महाकुंभ के रूप में मनाने के लिए सुझाव दिए।
विशेष सम्मान एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन-
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समाज सेवा एवं मानवता की सेवा में विशेष योगदान देने वाले समाजजन और प्रतिभावान समाजसेवियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, भव्य कलश यात्रा का आयोजन होगा, जो मेघवाल सूर्यवंशी समाज धर्मशाला से शुरू होकर भादवा माता गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः धर्मशाला में संपन्न होगी। इस दौरान महिलाएं विशेष रूप से पितांबरी (लाल-पीले) परिधानों में रहेंगी। कलश की व्यवस्था निशुल्क की जाएगी। महोत्सव के प्रचार-प्रसार हेतु गांव-गांव एवं घर-घर जाकर पत्र वितरण करने का निर्णय भी लिया गया।
देशभर से समाजजन होंगे शामिल-
बैठक में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए नीमच, मंदसौर, रतलाम, प्रतापगढ़, चित्तौड़, झालावाड़, मेवाड़, मालवांचल सहित राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाजजन की सहभागिता पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में समाज के गणमान्य लोग रहे उपस्थित-
इस बैठक में मेघवाल समाज सेवा समिति भादवा माता के अध्यक्ष राम प्रसाद राठौर (अरनिया देव), उपाध्यक्ष प्रभु लाल मेघवाल (बामनिया), कोषाध्यक्ष बद्रीलाल मेघवाल (आमली खेड़ा), संत रविदास जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद राम वर्मा (उमाहेड़ा) सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. बद्रीलाल मेघवाल ने किया एवं अंत में आभार अध्यक्ष डॉ. गोविंद राम वर्मा (उमाहेड़ा) ने व्यक्त किया।
समाजजन से अधिक से अधिक संख्या में आने का आह्वान-
समिति के पदाधिकारियों ने समाजजन से इस ऐतिहासिक महोत्सव को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।