खजुराहो। बागेश्वर धाम में 252 करोड़ रुपए की लागत से कैंसर हॉस्पिटल बनने जा रहा है। आज इसका भूमिपूजन कार्यक्रम है जिसमें शामिल होने के लिए मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बीच जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज खजुराहो एयरपोर्ट पहुंच गए। जहां से वह बागेश्वर धाम के लिए हुए रवाना हो गए।
पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छतरपुर के ग्राम गढ़ा (राजनगर) में बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के बनाए जाने वाले मेडिकल साईंस एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट का शिलान्यास करेंगे। इससे पहले वह बालाजी भगवान के दर्शन करेंगे। पीएम की ओर से बुन्देलखण्ड क्षेत्र को यह दूसरी बड़ी सौगात दी जा रही है। इसके पहले उन्होंने खजुराहों में केन-बेतवा नदी जोड़ों परियोजना की सौगात दी थी।
252 करोड़ की लागत से 36 महीनों में तैयार होगा अस्पताल
प्रधानमंत्री मोदी 218 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कैंसर अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए 10.925 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की जा चुकी है। कैंसर अस्पताल 36 माह में बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके पहले चरण में 100 बिस्तरों की सुविधा होगी, जिसमें अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से गरीब कैंसर रोगियों को निरूशुल्क उपचार किया जायेगा।
रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
बागेश्वर धाम में शुरू होने वाली यह पहल न केवल कैंसर के इलाज के क्षेत्र में एक बड़ा कदम होगा, बल्कि यह समाज के हर वर्ग के लिये बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुनिश्चित करेगा। अस्पताल के निर्माण से स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञों को नए अवसर प्राप्त होंगे।