विदिशा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रयागराज की यात्रा पर निकले है। शनिवार देर रात उन्होंने रेवांचल एक्सप्रेस से यात्रा शुरू की। विदिशा रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी और कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
पटवारी ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को विदिशा में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। कई अन्य वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सम्मेलन की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करने को कहा। पटवारी ने कार्यकर्ताओं से विदिशा में परिवर्तन लाने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। अपनी यात्रा के दौरान पटवारी मैहर में दर्शन करेंगे, इसके बाद वे प्रयागराज जाएंगे।