नीमच। आज नीमच के कलेक्टर कार्यालय पर किसान रामसुख ने अपने खेत पर जाने का रास्ता बंद होने से परेशान होकर हेलीकॉप्टर की मांग कर डाली। किसान रामसुख पिता पन्नालाल पाटीदार ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि मेरी कृषि भूमि नीमच तहसील के गांव सुरजना में स्थित है। जो कि मेरी व मेरी पत्नी गवरा के स्वामित्व आधिपत्य की कृषि भूमि है। जिसका रास्ता पड़ोसी गोपाल नंदराम द्वारा जानबूझकर हांक कर फसल बोकर बंद कर दिया गया। पुराना अन्य कोई रास्ता प्रार्थीगण की भूमि पर पहुंचने का कोई नहीं बता पा रहा है। तहसीलदार और पटवारी पुराना रूढ़िगत रास्ता चालू नहीं करवा रहे हैं।
रामसुख पाटीदार ने अपने आवेदन में कहा कि माननीय उच्च न्यायालय इंदौर का आदेश आने के बाद भी रास्ता चालू नहीं किया जा रहा है। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्देशित किया गया है कि पहले से व पुराने रास्ते में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा तथा नया रास्ता नहीं बनाया जाएगा। यह आदेश तहसीलदार को समझ नहीं आ रहा है। प्रार्थी रामसुख और उसके पुत्र संदीप पाटीदार ने कलेक्टर को आवेदन देकर मांग की है कि अपनी भूमि पर पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर दिलवाया जाना उचित व न्याय संगत होगा।
संदीप ने मीडिया को चर्चा में कहा कि रास्ता पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ा है। खेत पर आने जाने ना दिए जाने के कारण रामसुख पाटीदार का परिवार फसल नहीं बो पा रहा है। आवेदन में मांग की गई है कि खेत पर जाने के लिए हमें उचित व सही साधन व रास्ता उपलब्ध कराया जाए।