नीमच। शहर के गांव जयसिंहपुरा के नई आबादी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसडीएम के आदेश पर शासकीय सर्वे नंबर 384 बटा एक बटा एक रकबा शून्य दशमलव 61 हेक्टेयर शासकीय भूमि को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां पर प्रेम जाटव, नानुराम जाटव और कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर बागड़,झोपड़ी, कच्चा मकान, गुमटी बनाकर अस्थाई रूप से अतिक्रमण कर रखा था। जिसको लेकर अपील भी की गई थी। जिसे खारिज कर दिया गया था। यहां जयसिंहपुरा पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटाने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला जेसीबी और अन्य संसाधन लेकर पहुंचा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल, पटवारी, कोटवार आदि मौजूद रहे।