देवास। वन मंडल अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को एक वन्यजीव तेन्दुआ की मृत्यु की घटना, जिसका स्थल वन भूमि कक्ष क्रमांक 332 बीट उन्डेल वन परिक्षेत्र सतवास के अंतर्गत प्रकाश में आई। जिसपर एनटीसीए नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक भोपाल से जारी दिशा निर्देश अनुरूप त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल को सुरक्षित किया गया व डॉग स्क्वाड की सहायता से घटना स्थल एवं उसके आस-पास छानबीन की कार्यवाही की गई। पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सक सर्जन कांटाफोड़ कमल वास्कले ने किया। उन्होंने बताया कि वन्यजीव तेन्दुआ के शरीर के सभी अंग प्रत्यंग सुरक्षित पाये गये। निर्धारित प्रक्रिया एनटीसीए गाइडलाइन अनुसार शवदाह भस्मीकरण की कार्यवाही उपवनमण्डलाधिकारी कन्नौद शंकरलाल यादव, प्रभारी तहसीदार अधिकारी तहसील सतवास हरीओमसिंह ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी सतवास विधी सिरोलिया, पशु चिकित्सक सर्जन कांटाफोड़ कमल वास्कले, वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष बोरखेड़ी लीलाधर जाट व अन्य रेन्ज स्टाफ सतवास की उपस्थिति में की गई। उपरोक्त समस्त कार्यवाही की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई है। प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही जारी है।