धार। जिले में शासकीय सेवकों के लिए जीपीएफ के अंतिम भुगतान की नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्ति से चार माह पूर्व ही कर्मचारी अपना आवेदन कर सकेंगे।
कलेक्टर के निर्देश पर ई-दक्ष केंद्र में सभी शासकीय कार्यालयों के आहरण संवितरण अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। गुरुवार और शुक्रवार को आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला कोषालय अधिकारी मान सिंह डामर और प्रोग्रामर लाल सिंह नरगेश ने नई व्यवस्था की जानकारी दी।
आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर पर यह नई व्यवस्था लागू हो गई है। सेवानिवृत्ति से चार माह पहले जीपीएफ कटौती बंद होते ही आईएफएमआईएस में जीपीएफ फाइनल पेमेंट का विकल्प सक्रिय हो जाएगा।
कर्मचारियों को अपनी जीपीएफ पासबुक, जीपीएफ स्लिप और अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों को समय पर भुगतान मिल सकेगा और प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।