खरगोन। कुंदा नदी में जलकुंभी का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ी क्षेत्र के जलाशय से छोड़े गए पानी की वजह से यह स्थिति बनी है। कुंदा के दोनों घाटों के एरिया में दुर्गंध फैल रही है। यहां नौका बिहार बंद हो गया है। शनिवार को 12 बजे प्राप्त जानकारी अनुसार मकर संक्रांति पर खरगोन नगर गौरव दिवस पर घाट क्षेत्र में सुंदरीकरण पर काफी काम हुआ था। यहां नगर गौरव दिवस पर कुंदा की गंगा की तरह महाआरती कर 2 दिन उत्सव मनाया गया था। नगर पालिका द्वारा लाखों रुपए खर्च कर आतिशबाजी के साथ लोगों को नौका विहार कराया गया था। साथ ही नदी क्षेत्र में फव्वारे लगाए गए थे। रात को आकर्षक रोशनी से यह क्षेत्र आकर्षित कर रहा था। लेकिन इन दिनो नदी में फैली गंदगी से शहरवासी दुखी है। नगर पालिका सीएमओ निगवाल का कहना है कि कुंदा में जलकुंभी फैलने की जानकारी मिली है। जल्द अभियान चलाकर कुंदा घाट क्षेत्र से जलकुंभी को हटाएंगे।