भोपाल। कोलार में 8 एकड़ भूमि पर मध्य प्रदेश के सबसे बड़े इस्कॉन मंदिर की बुनियाद रविवार (2 मार्च 2025) को रखी जाएगी। इस्कॉन के वैश्विक प्रमुख और गवर्निंग बॉडी कमिश्नर गुरुप्रसाद स्वामी महाराज इस कार्यक्रम में शामिल होने पहली बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं। उनके साथ इस्कॉन मध्य प्रदेश के प्रभारी एवं जोनल सेक्रेटरी महामनदास प्रभु भी रहेंगे। इस्कॉन मध्य प्रदेश के प्रभारी एवं जोनल सेक्रेटरी महामनदास प्रभुजी और इस्कॉन भोपाल बीवायसी के अध्यक्ष रसानंद दास प्रभु ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
इस्कॉन भोपाल बीवायसी के अध्यक्ष रसानंद दास प्रभु ने बताया कि भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालिनी राय और विधायक भगवानदास सबनानी समेत कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत गो-पूजन और इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद की आरती से होगी।
रविवार सुबह 7 बजे भूमि को पवित्र करने के लिए हवन किया जाएगा। गुरुप्रसाद स्वामी महाराज और महामनदास प्रभुजी अनंत शेष की स्थापना करेंगे। रसानंद प्रभु के अनुसार, शास्त्रों में पृथ्वी माता को अनंत शेष के फन पर विराजमान माना गया है। हवन के लिए मायापुर-वृंदावन और जगन्नाथपुरी से पुरोहित बुलाए हैं। भूमिपूजन से पहले मंदिर के भक्त शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हरिनाम संकीर्तन कर रहे हैं। वे हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन कर और प्रसाद वितरण के साथ लोगों को आमंत्रण पत्र दे रहे हैं।