देवास। कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा लगाई गई दस दिवसीय खादी प्रदर्शनी का शनिवार को मल्हार मंदिर देवास में शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरूलाल अटारिया, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निर्माण सोलंकी, शिल्पकला/मप्र संस्कृति मंत्रालय मनोनीत सदस्य प्रकाश पंवार, शीला शुक्ला, जितेन्द्र जायसवाल आदि ने महात्मा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से राखी बनाकर भेंट करने वाली बहन निशा शर्मा, माटी कला में प्रदेश में प्रथम पुरूस्कार के रूप में एक लाख का नगद पुरूस्कार प्राप्त करने एवं मिट्टी के कुलर का निर्माण करने वाले ओमप्रकाश प्रजापति सहित अन्य प्रतिभाओं का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य खादी ग्रामोद्योग वस्तुओं तथा जिले की स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री के प्रचार-प्रसार एवं विक्रय से प्रोत्साहित कर जन सामन्य को स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
मुख्य अतिथि अटारिया ने कहा कि खादी देश की पहचान है। युवा वर्ग खादी को अपनाकर देश में सुखद बदलाव ला सकता है। खादी हानिकारक रसायन रहित और पर्यावरण हितैषी वस्त्र है। साथ ही खादी आत्मनिर्भर भारत की और एक बढ़ता कदम भी है। महापौर प्रतिनिधि अग्रवाल ने कहा कि यह प्रदर्शनी उद्यमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह प्रदर्शनी पूरे देश में चल रहे ‘खादी महोत्सव’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन को बढ़ावा देना है। अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अधिक खादी और स्थानीय उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी में आकर खरीदारी करें और खादी उत्पाद खरीदकर ग्रामीण कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं।
संभागीय प्रबंधक अजित प्रजापति ने कहा कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है, साथ ही देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखना है। प्रदर्शनी में कुल 25 स्टॉल लगाए है और यह प्रदर्शनी 1 से 10 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12 से रात्रि 9 बजे लगेगी। जिनमें खादी संस्थान के साथ ग्रामोद्योग इकाइयां शामिल हैं। यहां साडिय़ों, रेडीमेड वस्त्रों, हस्तशिल्प, हर्बल और आयुर्वेदिक उत्पादों, चमड़े के सामान, हस्तनिर्मित कागज, अचार, मसाले, शहद और अन्य उत्पादों की श्रृंखला उपलब्ध है। अतिथियों ने कार्यक्रम के समापन पश्चात प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।