इंदौर। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। मंगलवार से शनिवार के बीच सोना 1500 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 1900 रुपए प्रति किलो सस्ती हो गई। बावजूद इसके, बाजार में ग्राहकों की रुचि कम बनी हुई है।
मंगलवार को इंदौर में सोना केडबरी 88,600 रुपए प्रति दस ग्राम था, जो शनिवार तक घटकर 87,100 रुपए पर आ गया। वहीं, चांदी 97,100 रुपए प्रति किलो से गिरकर 95,200 रुपए प्रति किलो पर आ गई।
कीमतों में गिरावट का एक कारण अमेरिका और यूक्रेन के बीच मिनरल डील का नहीं बन पाना बताया जा रहा है। शुक्रवार देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की बैठक में ट्रंप ने जेलेंस्की को चेतावनी दी कि वे विश्व को तीसरे विश्व युद्ध की ओर ले जा रहे हैं और उन्हें डील स्वीकार कर लेनी चाहिए, लेकिन जेलें स्की ने इस पर कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट देखी गई। कॉमेक्स पर सोना वायदा 2858 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 31.09 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
इंदौर, उज्जैन और रतलाम में सोने-चांदी के भाव
इंदौर- सोना आरटीजीएस 87,100, सोना (91.60) 79,700 रुपए प्रति दस ग्राम। चांदी आरटीजीएस 95,100 और चांदी टंच 95,200 रुपए प्रति किलो। चांदी का सिक्का 1,075 रुपए प्रति नग।
उज्जैन- सोना केडबरी 87,200, सोना रवा 87,100 रुपए प्रति दस ग्राम। चांदी पाट 95,500 और चांदी टंच 95,400 रुपए प्रति किलो।
रतलाम- सोना केडबरी 87,250 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी पाट 95,150 रुपए प्रति किलो।