नीमच में कायाकल्प योजना दो दशमलव शून्य के अंतर्गत वार्ड नंबर 28 और 29 में 34 लाख 75 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और भाजपा की जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल के करकमलों से समारोह पूर्वक किया गया। उल्लेखनीय है कि गोमाबाई से जैन मंदिर तक तथा एलआईसी चौराहा से अंग्रेजों के कब्रिस्तान तक नवनिर्मित डामरीकृत सड़क का निर्माण किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि हमारी भावना और कोशिश है कि शहर में अनवरत विकास कार्य होते रहे। शहर में वर्तमान नगरपालिका के कार्यकाल में 50-60 नई सड़कें बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठ बोलना और घटिया राजनीति करना कांग्रेस की रीति नीति रही है। वंदना खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा सबका विकास, सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है। भाजपा की सरकार में देश बदला बदला नजर आ रहा है।इस अवसर पर संतोष चोपड़ा,हेमलता धाकड़, कुसुम अशोक जोशी,नीरज अहीर,मोहन सिंह राणावत और पार्षदगण उपस्थित रहे। लोकार्पण कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन योगेश कविश्वर ने दिया। आभार कमल शर्मा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद नागदा ने किया।