भोपाल। सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 3 मार्च को वार्षिकोत्सव का आगाज हुआ। पहले दिन मिस नूतन प्रतियोगिता के तहत पारंपरिक परिधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर 22 छात्राओं ने भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा पहनकर देश की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उनमें अपनी परंपराओं के प्रति गौरव की भावना जगाना था।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव ने कहा कि इस आयोजन ने श्एकता में विविधताश् की भावना को और मजबूत किया है। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अर्चना गौड़ ने बताया कि यह आयोजन छात्राओं के लिए यादगार अनुभव रहा। इस दौरान छात्राओं को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व निखारने का अच्छा मौका मिला।
वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ भारतीय विरासत और पहचान को संजोने का अवसर है, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों को जानने और सम्मान करने की प्रेरणा भी देता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।