निंबाहेड़ा। विधानसभा में निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने महिला थाना खुलवाने की मांग की है। उन्होंने विधानसभा में यह बताया कि निंबाहेड़ा एक औद्योगिक क्षेत्र है और सीमेंट का हब है। जिसके कारण वहां महिला कार्मिकों की संख्या ज्यादा है। उनकी सुरक्षा को देखते हुए महिला थाना की जरूरत ज्यादा है। इस पर राज्य गृहमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल महिला थाना स्थापित करना विचाराधीन नहीं है, लेकिन सरकार जब भी विचार करेगी, निंबाहेड़ा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
सीमेंट हब होने के कारण महिला कर्मचारियों की संख्या ज्यादा
विधानसभा में प्रश्न कल के दौरान निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सरकार के सामने अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा कि निंबाहेड़ा में महिला थाना की जरूरत है। 40 साल पहले निंबाहेड़ा हेड क्वार्टर हुआ करता था, लेकिन बाद में चित्तौड़गढ़ को हेड क्वार्टर बना दिया गया। निंबाहेड़ा में ही जिला हॉस्पिटल, उप जिला परिवहन कार्यालय सहित कई जिला स्तरीय संस्थाएं है। यहां सीमेंट का हब भी है, जिसके कारण बाहर की महिलाएं यहां आकर काम करती है। महिला कर्मचारियों की संख्या बहुत बड़ी तादाद में है। महिलाओं के साथ घटनाएं भी आए दिन होती रहती है। हमारे हाथ से जिला चला गया कोई बात नहीं, लेकिन महिला थाना की जरूरत है। उन्होंने कहा विजयपुर वाली घटना और कहीं ना हो इसलिए जितनी भी उपखंड क्षेत्र में महिला थाना बनाए जाएंगे, उतनी ही महिला सुरक्षित रहेगी। महिला थाने में पहुंचकर अपने मन की बात नहीं बता पाती है। अगर इनके लिए अलग सा थाना होगा तो वह अपने साथ हुए अपराधों को पुलिस के सामने रख पाएगी। इससे अपराध भी कम होंगे। अगर सरकार इस पर विचार करें कि तो शुरुआत निंबाहेड़ा से करें।
विचार करने पर निंबाहेड़ा का रखा जाएगा खास ध्यान
इस पर राज्य गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि निंबाहेड़ा में कोई भी महिला थाना विचाराधीन नहीं है। सभी महिला थाना जिला स्तर पर खोला जाता है। चित्तौड़गढ़ हेडक्वार्टर में महिला थाना की स्वीकृति 5 जून 1999 को हुई थी। इसके बाद 11 अक्टूबर 1999 से हेड क्वार्टर पर महिला थाना संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जितने भी मुख्यालय हैं, वहां पर थाना खुलवाया जा चुका है। अब सरकार जब भी जिलों के अलावा दूसरी जगह महिला थाना खोलने का विचार करेगी, तब परीक्षण करवाया जाएगा और निंबाहेड़ा का खास ध्यान रखा जाएगा।