इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय की बारात कल देर रात इंदौर पहुंची। बसों से आई बारात आज इंदौर एयरपोर्ट से जोधपुर के लिए रवाना हो गई। बारात का स्वागत करने के लिए कल बड़ी संख्या में भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचे।
कार्तिकेय का विवाह जोधपुर में होना है, जिसके लिए पिछले तीन-चार दिनों से विवाह की रस्में उनके भोपाल स्थित निवास पर चल रही थीं। पिछले महीने उनके छोटे पुत्र का विवाह भोपाल में संपन्न हुआ था।
कल रात बारात जोधपुर जाने के लिए इंदौर पहुंची। भोपाल से बसों में आई बारात को बायपास स्थित एक होटल में ठहराया गया था। रात 1 बजे पहुंची बारात का स्वागत मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, राजेश सोनकर, सावन सोनकर, सुमित मिश्रा, गौरव रणदिवे सहित कई भाजपा नेताओं ने किया।
बताया जा रहा है कि कल रात भोपाल से इंदौर आते समय पूरे रास्ते में भाजपा नेताओं ने शिवराज सिंह चौहान के बेटे की बारात का स्वागत किया।
6 मार्च को शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान की शादी अमानत बंसल से उम्मेद भवन पैलेस में होने जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार, 4 मार्च को शिवराज सिंह चौहान अपने परिवार के साथ जोधपुर पहुंच चुके हैं।
बता दें कि अमानत बंसल चौहान परिवार की बड़ी बहू बनेंगी। अमानत बंसल ने लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी की पढ़ाई की है। कार्तिकेय और अमानत की सगाई 17 अक्टूबर को हुई थी।
शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय की शादी में मेहमानों को राजस्थानी व्यंजन परोसे जाएंगे। मेन्यू में मारवाड़ी केर-सांगरी की सब्जी, गुलाब जामुन की सब्जी और जोधपुर का प्रसिद्ध मिर्ची बड़ा खासतौर पर शामिल किया गया है।
समारोह से जुड़े सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस पूरे आयोजन को सादगीपूर्ण रखने के पक्ष में हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े वेंडर्स को भी इस बारे में निर्देश दिए थे। इस कारण शादी का खाना पूरी तरह शाकाहारी होगा, जिसमें खासतौर पर राजस्थान के पारंपरिक पकवान शामिल किए गए हैं।
हाई-प्रोफाइल मेहमानों को मारवाड़ी व्यंजन परोसे जाएंगे। जानकारों के अनुसार, मेन्यू में केर-सांगरी, गट्टे की सब्जी, कचौरी और मिर्ची बड़े के साथ-साथ जोधपुर की प्रसिद्ध मिठाइयां भी शामिल होंगी। इसमें गुलाब जामुन, राजभोग, चक्की की सब्जी, चपाती और बाजरे का सोगरा भी परोसा जाएगा।