नीमच। जिले में मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को सरपंच के खिलाफ ज्ञापन सौंपा है। शिकायती ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा सरपंच चांदीबाई गणपत साल्वी जनता के लिए बनाए गए नीर कूप का उपयोग निजी कार्यों के लिए कर रही हैं। मामला जीरन तहसील स्थित ग्राम पंचायत फोफलिया का है। ग्रामीणों ने कलेक्टर चंद्रा से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आगे कहा सरपंच ने 3 एकड़ सरकारी जमीन पर लगे पौधों को उखाड़कर उसे अपना निजी खेत बना लिया है। सरपंच पर सरकारी योजनाओं का लाभ अपने परिवार के हित में लेने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से मांग की, कि सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही गलत तरीके से लिए गए योजनाओं के लाभ की वसूली की जाए। वर्तमान सरपंच साल्वी के पति पहले भी गांव के सरपंच रह चुके हैं और उन पर भी अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं।