नीमच। शहर के सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय युवा सांसद महोत्सव विकसित भारत पार्लियामेंट का आयोजन होने जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव को विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के रूप में मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं को वर्ष 2047 के विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।इस प्रतियोगिता के लिए श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच को जिले का नोडल बनाया गया है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा और नोडल कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका ढलवानी ने बताया कि जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में नीमच एवं मंदसौर जिले के 18 से 25 वर्ष के आयु के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन नोडल महाविद्यालय श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच के तत्वाधान में किया जाएगा।150 चयनित प्रतिभागियों को नोडल महाविद्यालय श्री सीताराम जाजू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच महाविद्यालय में “एक राष्ट्र एक चुनाव” विषय पर विचार रखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।इन 150 प्रतिभागियों में से राज्य स्तर के लिए शीर्ष 10 युवा चुने जाएंगे। आयोजन को लेकर आज केन्द्रीय स्तर पर एक ऑनलाइन मीटिंग भी आयोजित हुई।