मनासा। थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मनासा-कचोली सड़क मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जिसके शव का शासकीय अस्पताल में बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया।

घटना मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे की है। जब मृतक रघुनंदन पिता अशोक प्रजापति निवासी भाटखेड़ी नाका मनासा उम्र 21 वर्ष रात्रि में अपने दो दोस्तों के बुलाने पर उनके साथ घूमने गया था। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर मनासा कचोली मार्ग पर एक पेड़ से टकरा गई और पलटी खा गई। हादसे में कार के सह चालक की सीट पर बैठे युवक रघुनंदन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक के दोनो साथी को हल्की चोटे आई। वहीं हादसे की सूचना पर मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को मनासा के शासकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपूर्दकर दिया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

शिव कुमार रघुवंशी थाना प्रभारी मनासा का कहना हे कि मंगलवार रात करीब 10.30 बजे डायल 100 पर राहगीरों से सूचना मिली थी कि एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शासकीय अस्पताल लाया गया। हादसे में रघुनंदन पिता अशोक निवासी भाटखेड़ी नाके की मौत हुई है। हादसे के बाद कार पलटी खा गई थी। जिसे लोगों ने सीधा किया, इस दौरान मृतक का शव कार से बाहर आ गया था।
