इंदौर। अब सरकारी राशन दुकानों पर दुग्ध उत्पाद भी मिलेंगे। इन दुकानों पर जैविक उत्पाद भी उपलब्ध कराने की योजना है। होम डिलीवरी के माध्यम से भी उक्त सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रदेश में पहली बार यह व्यवस्था इंदौर से शुरू हो रही है। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले में 30 चिह्नित सरकारी राशन दुकानों पर जन पोषण केंद्र की स्थापना की जा रही है। यहां मोटा अनाज जैसे- ज्वार, बाजरा, मक्का, दालें, रागी, राजमा, चना, दूध, पनीर उचित मूल्य पर मिलेगा। इसका मकसद, लोगों को पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थ मुहैया कराना है। इसके लिए विशेष फ्रीजर का इस्तेमाल किया जाएगा। जन पोषण केंद्र के माध्यम से उपभोक्ताओं को मोटा अनाज, दालों की होम डिलीवरी करने की भी तैयारी है। सरकारी राशन दुकानों पर जन पोषण केन्द्र शुरू हो जाने के बाद उपभोक्ताओं को तो लाभ होगा ही, राशन डीलरों की आय में भी वृद्धि होगी। मारु ने बताया कि इसके लिए डीलर्स को पांच दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।