भोपाल। मध्य प्रदेश में अस्थाई कर्मचारियों की वेतनवृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन होने जा रहा है। ग्राम पंचायत चौकीदार, स्कूलों और छात्रावासों के अंशकालीन कर्मचारी और विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मचारी 9 मार्च को भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। वे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को ज्ञापन सौंपेंगे। इस प्रदर्शन को योग प्रशिक्षकों ने भी समर्थन दिया है।
कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया है। इस प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी वेतन वृद्धि लंबे समय से लंबित है और वर्तमान वेतन 3 से 5 हजार रुपए है, जिसमें उनका गुजारा करना मुश्किल हो रहा है।
पंचायत चौकीदार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजभान रावत ने बताया कि संगठन को सक्रिय कर न्यूनतम वेतन की मांग को शासन प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संगठन के जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विधानसभा के बजट सत्र से एक दिन पहले सक्रिय 9 मार्च को भोपाल में प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष किया जाएगा, जहां से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन देने जाएंगे।
श्रमिक नेता वासुदेव शर्मा ने बताया कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान होने वाले प्रदर्शन में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। ताकि ग्राम पंचायतों में कार्यरत चौकीदार, पंप आपरेटरों के साथ न्याय कराया जा सके। सभी नेतृत्वकारी साथियों को पंचायतों के कर्मचारियों की बैठकें करके उन्हें 9 मार्च को भोपाल पहुंचने के लिए प्रेरित करना होगा, जिससे आंदोलन प्रभावशाली और निर्णायक हो सके।