इंदौर। देवी अहिल्या बाई होल्कर इंटरनेशल एयरपोर्ट से प्रदेश की एकमात्र सीधी इंटरनेशनल शारजाह उड़ान का समय अप्रैल के पहले हफ्ते से बदल जाएगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी इस उड़ान का संचालन अब दो घंटे पहले करेगी। कंपनी ने इसके लिए दूसरे स्लॉट के लिए आवेदन किया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। बताया जा रहा है कि कंपनी जल्द ही इसके अनुसार बुकिंग शुरू कर देगी। बता दें कि पहले नया टाइम स्लॉट नहीं मिलने से इस फ्लाइट के संचालन पर बंद होने का खतरा भी मंडरा रहा था।
दरअसल, इंदौर एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत का काम होना है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि 1 अप्रैल से एयरपोर्ट रात 10.30 बजे बंद होगा। इसलिए अब एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ान को दो घंटे पहले संचालित करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा इसका संचालन सप्ताह में चार दिन सोमवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को किया जाता है।
अभी यह उड़ान रात 23.55 पर रवाना होकर रात 2.05 बजे शारजाह पहुंचती है। नए स्लॉट के अनुसार रात 10.25 बजे इंदौर से रवाना होगी। इंदौर एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस फ्लाइट का समय 3 अप्रैल के बाद बदलने की संभावना है। एयरलाइन कंपनी ने भी 3 अप्रैल के बाद की बुकिंग लेना बंद कर दी है। जल्द ही कंपनी इस फ्लाइट की बुकिंग नए समय के अनुसार शुरू करेगी।
इंदौर-शारजाह उड़ान अब तक की सबसे सफल उड़ान
इंदौर ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार यह उड़ान अब तक की सबसे सफल उड़ान है। यह इंदौर-दुबई से भी ज्यादा सफल रही है। एजेंट्स का कहना है कि इस उड़ान का समय रात का है, जिसमें यात्री को घाटा होता है। उन्हें कुछ घंटे रूकने के लिए होटल का पूरे दिन का किराया चुकाना होता है, लेकिन इसके बाद भी यह उड़ान सफल है। कई बार इसमें ओवर बुकिंग तक के मामले सामने आ चुके हैं।