नीमच। वित्तीय वर्ष 2024-2025 में सेवानिवृत हुए नीमच वृत्त के कर्मचारियों की फरवरी माह की पेंशन का भुगतान आज दिनांक तक नहीं हुआ है। जिसे लेकर आज मध्यप्रदेश विद्युत सेवानिवृत कर्मचारी संघ ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक के नाम ज्ञापन दिया।
अधीक्षण यंत्री को सौंप गए ज्ञापन में कहा गया है कि पेंशन न मिलने के कारण पेंशनर कर्मचारी चिंतित है। क्योंकि उनका हाउसिंग लोन और अन्य प्रकार के ऋण की किस्त जो की बैंक खाते से सीधे कटती है, उसकी व्यवस्था न होने से बैंक द्वारा पेनल्टी लगा दी गई है और वह डिफाल्टर की श्रेणी में आ गए हैं। पेंशनर कर्मचारियों ने बताया कि इस बारे में वरिष्ठ लेखा अधिकारी से जानकारी प्राप्त करने पर ज्ञात हुआ है कि इन पेंशनर्स की आयकर गणना होने से पेंशन को होल्ड पर रखा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए और पेंशनर्स की पेंशन तुरंत जारी करने की व्यवस्था दी जाए।