चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा जिला कारागृह चित्तौड़गढ़ का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण सचिव द्वारा रसोईघर, बैरक, शौचालय, स्नानागार का निरीक्षण किया जाकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये तथा बंदियों की विधिक सहायता के लिए संचालित प्रिजन लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण सचिव द्वारा सभी बंदियों को जेल में संचालित बंदी विधिक सहायता क्लिनिक के बारे मे जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई वकील बंदी की तरफ से पैरवी नहीं कर रहा है अथवा उसे निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता है तो वह विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है। जिन बंदियों के जमानत आवेदन हो चुके हैं, उनके परिजनों से संपर्क कर जमानती पेश करवाने हेतु भी निर्देशित किया। इस दौरान जेलर निरंजन शर्मा, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल वैशाली अहीर तथा पीएलवी तारा राव उपस्थित रहे।