नीमच। जिले में समुदाय विशेष के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए संचालित पंख अभियान के तहत संत रविदास स्वरोजगार योजना से मिली आर्थिक मदद पिपलिया हाडी निवासी अंकित पिता विनोद को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बडा कदम साबित हुई है। इस योजना का लाभ लेकर अंकित अपने पूर्व से संचालित ईट, भट्टा व्यवसाय को विस्तारित कर, वह आर्थिक रूप से अब आत्मनिर्भर भी बन गया हैं। ईट, भट्टा व्यवसाय का सफलतापूर्वक संचालन कर अंकित अब प्रतिमाह लगभग 35 से 40 हजार रूपये की आय प्राप्त कर रहा हैं।
पिपलिया हाड़ी निवासी बांछडा समुदाय के (अनुसूचित जाति) के अंकित को जब संत रविदास स्वरोजगार योजना का पता चला, तो उसने आदिम जाति कल्याण कार्यालय नीमच जाकर ईट, भट्टा व्यवसाय को और बढ़ाने के लिए ऋण आवेदन प्रस्तुत किया। अंकित को संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक मनासा से ईट, भट्टा व्यवसाय को विस्तारित करने के लिए पांच लाख रूपये का ऋण मिला। इससे उसने अपने गांव में पूर्व से स्थापित ईट निर्माण कार्य को विस्तारित किया। उसका यह व्यवसाय अच्छे से चल निकला और उसे प्रतिमाह 35 से 40 हजार रूपये की आमदनी होने लगी हैं। अब वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन गया है। पंख अभियान के तहत संत रविदास योजना से मिली मदद के लिए अंकित, प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को धन्यवाद दे रहा हैं।