उज्जैन। दिल्ली के नवनिर्वाचित उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन किए। वर्मा अपनी पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे।
मंदिर के पुजारी राजेश शर्मा और आकाश शर्मा ने नंदी हॉल में पूजन करवाया। इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से विशेष सम्मान किया गया। उप प्रशासक एसएल सोनी और सिम्मी यादव ने उपमुख्यमंत्री वर्मा को भगवान महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद भेंट किया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से जिस भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को 4089 वोटों से हराया, वह प्रवेश वर्मा मध्यप्रदेश के धार के दामाद हैं।
उनकी सास नीना वर्मा धार से भाजपा की विधायक हैं। ससुर विक्रम वर्मा भाजपा के सीनियर लीडर हैं, वे केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। साल 2002 में विक्रम वर्मा और नीना वर्मा की बड़ी बेटी स्वाति वर्मा से प्रवेश वर्मा की शादी हुई थी।