नीमच। भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें देश के 18 से 25 वर्ष आयु के युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से 9 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। जिला मंदसौर व नीमच नोडल श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा तथा नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका ढलवानी ने बताया यह कार्यक्रम जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाना है। जिला स्तर पर प्रतिभागिता हेतु प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद 1 मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा जिसका विषय है आपकी दृष्टि में विकसित भारत से आपका क्या आश्रय है। इसके पश्चात 150 सर्वश्रेष्ठ वीडियो का चयन किया जाएगा एवं प्रतिभागियों को नोडल महाविद्यालय में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर विचार रखने हेतु आमंत्रित किया जाएगा। जिला स्तरीय युवा सांसद कार्यक्रम महाविद्यालय में दिनांक 15 मार्च 2025 को नीमच मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय सुधीर गुप्ता व नीमच विधानसभा क्षेत्र के विधायक सम्मानीय दिलीप सिंह जी परिहार की गरिमामई उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों में से 10 विजेताओं का चयन राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए निर्णायक मंडल तथा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में से तीन विजेताओ का चयन राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम के लिए किया जाएगा जो कि राष्ट्रीय संसद नई दिल्ली में अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।