जोधपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह की शादी के बाद सभी मेहमान शुक्रवार को वापस लौट गए।
कार्तिकेय की शादी लिबर्टी शू कंपनी के डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत से उम्मेद भवन पैलेस मे हुई है। सात फेरों के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बेटे-बहू को आठवें वचन के रूप में प्रकृति की सेवा का वचन दिलाया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा-
बच्चों, मानव जीवन अमूल्य है, ये लोक के कल्याण के लिए है। लोगों की भलाई के लिए बेहतर कार्य करके इसे सार्थक बनाएं। दोनों परिवारों का मान-सम्मान बढ़ाते हुए औरों के लिए भी जीना है और पर्यावरण उसका एक साकार स्वरूप है, इसलिए अपने जन्म दिन-मैरिज एनिवर्सरी पर, पूर्वजों की याद में और जब नन्हें-मुन्ने बच्चे आएंगे तो उनके जन्म दिन पर पेड़ जरूर लगाएं।
इसके बाद शिवराज ने वर-वधु से पूछा- स्वीकार है कि नहीं? तब दोनों ने कहा- स्वीकार है। शादी में कई वीवीआईपी मेहमानों ने शिरकत की और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। शिवराज के दोनों बेटों का रिसेप्शन 18 मार्च को दिल्ली के एयरफोर्स ग्राउंड पर होगा। गौरतलब है कि उनके छोटे बेटे कुणाल की शादी भी 14 फरवरी को भोपाल में हुई थी।
जोधपुर से जाते हुए शिवराज बोले-बेटी लेकर जा रहे हैं
जोधपुर से रवाना होने से पहले शिवराज ने कहा कि हम बहू नहीं बेटी ले जा रहे हैं। बेटियां नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। मैं शुरू से बेटियों के लिए काम करता रहा हूं।
वहीं देर रात ट्वीट कर शिवराज ने कहा कि बंसल और चौहान परिवार नर्मदा की धारा की भांति एक नई यात्रा पर चल पड़े हैं। जिस प्रकार नर्मदा मैया अपनी पावन धाराओं से धरती को उपजाऊ बनाती हैं, जीवन को संजीवनी देती हैं, उसी प्रकार मैं प्रार्थना करता हूं कि वे कार्तिकेय और अमानत के दांपत्य जीवन को पुण्य, प्रेम और समृद्धि से सींचें।
उनकी पत्नी साधना सिंह ने कहा- एक लड़की अपनी मां का घर छोड़कर आती है। दूसरी मां को अपनी मां की तरह मानती हैं। मेरे लिए मेरी दोनों बहू बेटी की तरह हैं।