भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज समत्व भवन में सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के आगमन, अभिभाषण और बजट पेश करने के दिन की व्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा के प्रमुख सचिव ए.पी. सिंह और अधिकारियों से जानकारी ली।
साथ ही विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की।
बजट सत्र 10 मार्च से 15 दिनों तक 9 बैठकें
15 दिनों का यह बजट सत्र 10 मार्च से शुरू होगा, जिसमें कुल 9 बैठकें आयोजित की जाएंगी। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा और 12 मार्च को डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मोहन सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे। इन सभी व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
पिछले महीने 27 फरवरी को मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित आश्वासनों, शून्यकाल, अपूर्ण उत्तर और लोक लेखा समिति की सिफारिशों पर जल्द कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए थे।
विधानसभा ने सरकार से 2939 सवालों के जवाब मांगे
इस सत्र के दौरान विधायकों ने मोहन यादव सरकार से 1785 ऑनलाइन और 1154 ऑफलाइन सवालों के जवाब मांगे हैं। इनमें 1448 तारांकित और 1491 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं, यानी कुल 2939 सवालों के जवाब मांगे गए हैं। इन सभी जवाबों को समय पर प्रस्तुत करने को लेकर भी मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में चर्चा की गई।
गौरतलब है कि इस सत्र के दौरान होली और रंगपंचमी जैसे त्योहार पड़ेंगे। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के कारण बजट सत्र की तारीख 15 दिन आगे बढ़ाई गई, जिस पर कांग्रेस पहले ही विरोध जता चुकी है।