शुक्रवार को इंदौर पहुंचे 16वें वित्त आयोग के सदस्यों का दल शहर की स्वच्छता में अव्वल रहने के सफर का साक्षी बना। आयोग के सदस्यों ने देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर एशिया के सबसे बड़े गोबर-धन बायो सीएनजी प्लांट का अवलोकन किया। साथ ही, ट्रेंचिंग ग्राउंड पर बने परी पार्क में बैठकर इंदौर की स्वच्छता की सफलता की कहानी देखी।
सदस्यों ने इस दौरान सूखे कचरे के निपटान के लिए बनाए गए मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर, 15 लाख मीट्रिक टन क्षमता के पुराने कचरे के बायो-रिमेडिएशन द्वारा निपटान की प्रक्रिया, 100 एकड़ भूमि पर विकसित सिटी फॉरेस्ट और निर्माण व विध्वंस अपशिष्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी जायजा लिया।
आयोग के सदस्यों ने इंदौर की स्वच्छता प्रणाली की सराहना की
इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विशेष उपस्थिति में 16वें वित्त आयोग के सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, डॉ. मनोज पांडा, डॉ. सौम्याकांति घोष और सचिव ऋत्विक पांडे ने भ्रमण किया। इस मौके पर मेयर पुष्यमित्र भार्गव, कमिश्नर दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह और नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा भी मौजूद थे।
आयोग के सदस्यों ने इंदौर में किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की सराहना की। मेयर ने आयोग के प्रतिनिधियों को स्वच्छता में इंदौर की उपलब्धियों और उसकी योजनाओं की जानकारी दी।
कमिश्नर ने गोबर-धन बायो सीएनजी प्लांट की जानकारी दी
नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि इंदौर का गोबर-धन बायो सीएनजी प्लांट एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है। इसकी वर्तमान क्षमता 550 टीपीडी (टन प्रति दिन) है, जिसे बढ़ाकर 800 टीपीडी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि इंदौर में हर प्रकार के कचरे के पुनः उपयोग की योजना बनाई जा रही है। यहां फ्यूल ब्रिकेट्स और लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने की योजना पर भी कार्य शुरू किया गया है। स्वच्छता के साथ-साथ इंदौर में पर्यावरण सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आयोग की टीम ने पीथमपुर में सीईजेट का निरीक्षण किया
इससे पहले, 7 मार्च को सुबह 11रू30 बजे आयोग की टीम पीथमपुर पहुंची, जहां कमिश्नर दीपक सिंह ने उनका स्वागत किया। आयोग ने (स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन) का निरीक्षण किया।
इसके बाद आयोग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
यह बैठक ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी, जिसमें वित्त और विकास से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही, इंदौर नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी साझा की जाएगी।