रायसेन। भोपाल के अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय के योग व प्रबंधन विभाग के 35 छात्रों ने सांची बौद्ध विश्वविद्यालय का शुक्रवार को भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों का स्वागत पारंपरिक रूप से पलाश के फूलों से किया गया।
होलिका अष्टक कार्यक्रम के दौरान छात्रों को विश्वविद्यालय के उद्देश्यों और पाठ्यक्रम की जानकारी दी गई। विभाग के छात्रों ने पलाश और बोगनबेलिया के फूलों से पुष्प गुच्छ तैयार किए।
योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उपेंद्र खत्री ने बताया कि विभाग का संचालन छात्र और शिक्षक मिलकर करते हैं। उनका लक्ष्य है कि सांची विश्वविद्यालय मध्य भारत में योग शिक्षा का प्रमुख केंद्र बने। वे चाहते हैं कि यहां के छात्र उत्तर और दक्षिण के योग विश्वविद्यालयों को चुनौती दे सकें।
सफलता पाने के लिए कंफर्ट जोन से बाहर निकलना जरूरी
कुलसचिव प्रो. नवीन कुमार मेहता ने छात्रों को प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए कंफर्ट जोन से बाहर निकलना जरूरी है। उन्होंने केंद्रीय सेवाओं में सफल छात्रों के उदाहरण दिए। साथ ही विश्वविद्यालय की स्कॉलरशिप योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को कर्मयोग पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।