उज्जैन। मध्य प्रदेश विकलांग सहायता समिति द्वारा आयोजित दिव्यांग बच्चों हेतु खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता उल्लास का समापन समारोह शुक्रवार 7 मार्च को निर्मला मिशन कंपाउंड, चंदेसरी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद, संत उमेश नाथ महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशेष अतिथियों के रूप में बैंक ऑफ़ इंडिया के उप आंचलिक महाप्रबंधक प्रदीप कुमार कमल, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार मिश्र उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिशप डॉ. सेबेस्टियन वडक्केल ने की।
अपने उद्बोधन में संत उमेश नाथ महाराज ने बताया कि ईश्वर की दिव्य ज्योति सभी जीवो में विद्यमान रहती है, दिव्यांग बच्चों में भी ईश्वर की चेतना का वास है अतः इन बच्चों की सेवा ईश्वर का अंश मानकर करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि जीता वही है जो दूसरों के लिए जीता है। बिशप डॉ. सेबेस्टियन वडक्केल ने अलग-अलग स्थान से आए बच्चों को उनके श्रेष्ठ प्रस्तुति हेतु बधाई प्रेषित की एवं उनके उज्जवल जीवन की प्रार्थना की, तत्पश्चात बच्चों ने देश प्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
जानकारी देते हुए समिति संचालक फादर जीजो जॉर्ज ने बताया कि इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के अलावा उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र के कुल 980 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली संस्था शालोम स्पेशल स्कूल भोपाल को चैंपियन ट्रॉफी अतिथियों ने प्रदान कर सम्मानित किया तथा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पदक वितरित किये।
कार्यक्रम का संचालन अनुपमा उपाध्याय ने किया आभार मनोविकास विशेष विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर मेरिन ने माना।