भौंरासा। म.प्र.सहकारी संस्थाएं कर्मचारी महासंघ ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में 5 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। नगर भौंरासा के महासंघ से जुड़े राकेश सिंह बैंस ने बताया कि महासंघ के जिला अध्यक्ष जवाल सिंह सेंधव के आह्वान पर नगर सहित जिला स्तर पर आयोजित हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। जिससे सहकारी संस्थाओं से जुड़े किसान,उपभोक्ता,आमजन के सभी कार्य बंद रहे। नगर भौंरासा में सहकारी संस्थाओं के कर्मचारियों ने काम बंद, कलम बंद व ताला बंद कि मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सेवा सहकारी संस्था परिसर में धरना स्थल पर बैठकर शासन प्रशासन के नाम विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण जिले की समस्त सहकारी समितियां और राशन वितरण केन्द्र प्रभावित हुए। नगर भौंरासा के सेवा सहकारी संस्था के समीप संस्था के कर्मचारियों द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। इसी प्रकार सोनकच्छ सहित भौंरासा ब्रांच के समस्त कर्मचारी संगठन के बैनर तले सेवा सहकारी संस्था परिसर में ही धरना देकर बैठे रहे और नारेबाजी की। इस दौरान संस्था से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।