बुरहानपुर। नेपानगर में शनिवार को नेपा मिल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने नपा द्वारा भेजे गए नल-जल कर के नोटिस का विरोध किया। नेपानगर सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष सौजन्य तिवारी ने बताया कि नेपा मिल ने उन्हें आवास 3 साल के लिए लीज पर दिए हैं। लीज की कंडिका 23 के अनुसार एक दिसंबर 2023 के बाद की देनदारी कर्मचारियों की होगी। इससे पहले की देनदारी नेपा मिल की है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने पहले ही नेपा मिल को यह राशि चुका दी है। लेकिन अब नगर पालिका 15 से 20 हजार रुपए के नोटिस भेज रही है। अधिकांश कर्मचारियों की उम्र 60 वर्ष से अधिक है और उन्हें मात्र 2 हजार रुपए पेंशन मिलती है।
कर्मचारियों ने पहले भी नपा सीएमओ और नेपा मिल को ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज लोक अदालत में भी कर्मचारी पहुंचे, लेकिन यहां कर्मचारी उपस्थित थे। संगठन के लोगों का कहना था कि कोई जिम्मेदार बैठना चाहिए जिससे हम अपनी बात कर सकें। उन्होंने सीएमओ शैलेन्द्र चौहान के नाम इंजीनियर राजू गणेश कामले को ज्ञापन सौंपा।
आवास अनुबंध जब से हुआ तब से देने को तैयार
नेपानगर नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटिल ने कहा-लोक अदालत में अतिरिक्त दंड में छूट मिलती है इसलिए बकाया वसूली के लिए नेपा मिल के सेवानिवृत्त कर्मचरियों को भी नोटिस दिए थे। उनका कहना है कि हम क्वार्टर वाले हैं। जबसे अनुबंध हुआ है तब से टैक्स लो। पुराना बकाया नेपा मिल को दिया है।
नेपा मिल से करेंगे चर्चा
नेपानगर नगर पालिका इंजीनियर राजू गणेश कामले ने कहा शनिवार को नेपा मिल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि हमें आप व्यक्तिगत नोटिस न दें। हमारा आवास संगठन 2023 में बना है। इससे पहले हम सारा कर नेपा मिल को दे चुके हैं। अब हम नेपा मिल से इसकी पुष्टि करेंगे। पीआईसी में चर्चा करें। हमें एग्रीमेंट के तहत नेपा मिल से पैसा लेना है। अब उनसे बात करेंगे। फिलहाल कोई हल नहीं निकला।