इंदौर। साल की पहली नेशनल लोक अदालत शनिवार को आयोजित हो रही है। संपत्तिकर और जलकर के सरचार्ज में भारी छूट पाने का आज आखिरी मौका है। ये नेशनल लोक अदालत इंदौर के सभी 22 जोनल ऑफिस, रजिस्ट्रार ऑफिस और निगम मुख्यालय पर आयोजित होगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सभी जोनल कार्यालय एवं मुख्यालय पर आयोजित नेशनल लोक अदालत के क्रम में झोन 15 द्रविड़ नगर जोन परिसर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, लेखा समिति अध्यक्ष एवं झोन अध्यक्ष योगेश गेंदर एवं अन्य उपस्थित थे।
महापौर भार्गव ने नेशनल लोक अदालत के तहत दी जा रही छूट एवं व्यवस्थाओं के संबंध में कैश काउंटर पर उपस्थित करदाताओं से चर्चा की। इसके साथ ही किस प्रकार से करदाताओं की सुविधा के लिए कार्य किया जा रहा है इसका भी अवलोकन किया गया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव, आयुक्त शिवम वर्मा और राजस्व प्रभारी निरंजनसिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 के तहत राज्य शासन के निर्देशानुसार निगम के सभी जोनल ऑफिस, निगम मुख्यालय पर 8 मार्च शनिवार को नेशनल लोक अदालत में संपत्तिकर सरचार्ज में निम्न शर्तों पर छूट दी जा रही है। इनमें संपत्ति के अलग-अलग प्रकरणों को शामिल किया गया है।
बुजुर्गों-महिलाओं के लिए विशेष काउंटर
सभी जोनल ऑफिस, रजिस्ट्रार ऑफिस और निगम मुख्यालय पर संपत्तिकर और जल-करदाताओं के लिए कई व्यवस्थाएं भी की जाएगी। करदाताओं को संपत्तिकर व जलकर में सरचार्ज की छूट की जानकारी और देयक राशि के बिल उपलब्ध कराए जाएंगे। बुजुर्गों-महिलाओं के लिए विशेष काउंटर और बैठक व्यवस्था भी की जाएगी।