सनावद। नाभावंशी फूलमाली समाज युवा संगठन द्वारा रविवार को माली समाज धर्मशाला मे विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज की 105 ग्रामों की समितियों से जुड़े समाजजनों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सचिन बिरला ने समाज के युवाओं को परिचय सम्मेलन के सफल आयोजन की बधाई दी। विधायक ने समाजजनों की मांग पर फूलमाली समाज के सामुदायिक भवन के विस्तार हेतु विधायक निधि से 5 लाख रु तथा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की ओर से सांसद निधि से 5 लाख रु प्रदान करने की घोषणा की। समाज के युवाओं ने विधायक के समक्ष मांग रखी कि लंबे से बंद मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के खंडवा जिले के पोर्टल को शीघ्र खुलवाया जाए। ताकि तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में फूलमाली समाज के आगामी सामूहिक विवाह समारोह में नव वर-वधुओं को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ मिल सके।
परिचय सम्मेलन में लगभग 150 युवक-युवतियों के पंजीयन किए गए युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मानसिंह राठौर, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष नीतेश मालाकार,प्रमुख सलाहकार राकेश मालाकार,युवा संगठन प्रदेश अध्यक्ष डा.प्रवीण मालाकार, सनावद माली समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश मालाकार साहित हजारों की संख्या मे समाज बंधु मौजूद थे।