नीमच। चिकित्सक केवल रोगों का उपचार नहीं करते, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव भी रखते हैं। मानवता की सेवा में उनका योगदान अतुलनीय है और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ चिकित्सकों के बेहतर कार्य वातावरण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
यह बात मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता ने रविवार शाम कनावटी स्थित होटल सनराइज ग्रैंड में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) नीमच द्वारा आयोजित जोनसंगम-2026 सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और स्वस्थ भारत के निर्माण में उनकी भूमिका सर्वाेपरि है।
जावद विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सर्वाेच्च साधना है। डॉक्टर अपने ज्ञान, अनुभव और संवेदनशीलता से लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने आईएमए द्वारा चिकित्सकों के सम्मान की परंपरा को प्रेरणादायी बताया।
नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि जिले के चिकित्सकों ने कोरोना महामारी सहित हर संकट की घड़ी में सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजन चिकित्सा सेवा के प्रति समाज में सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में मरेंगो सिम्स हॉस्पिटल, अहमदाबाद के न्यूरो इंटरवेंशन एवं स्ट्रोक विशेषज्ञ डॉ. मुकेश एन. शर्मा ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर व्याख्यान देते हुए कहा कि स्ट्रोक के मरीजों के लिए ष्गोल्डन ऑवरष् सबसे महत्वपूर्ण होता है। समय पर पहचान और अत्याधुनिक उपचार से हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने चिकित्सकों से नई तकनीकों को अपनाने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। आईएमए नीमच के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने स्वागत भाषण में कहा कि आईएमए वर्षभर स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, सीपीआर प्रशिक्षण, योग, कैंसर, मधुमेह, नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य जैसे जनहित के कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक दायित्व निभा रही है।
डॉ. अशोक जैन को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
सम्मान समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अशोक जैन को चिकित्सा क्षेत्र में आजीवन उत्कृष्ट सेवाओं के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज-2026 के अंतर्गत आयोजित खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के विजेताओं तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया।
मंच पर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. जे.सी. वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विपुल गर्ग ने किया, जबकि सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईएमए भविष्य में भी जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, उनके परिजन एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन प्रतिभाओं और चिकित्सकों का हुआ सम्मान
समारोह में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, क्रिकेट, मैराथन, ड्राइंग, फायरलेस कुकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्षभर स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा एवं आईएमए की गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक चिकित्सकों, महिला सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को भी प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।