मुरैना। पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करने और एक सैकड़ा से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतारने वाले भारतीय सेना के आपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में शुुक्रवार को मुरैना में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद संग्रहालय से हुई, यहां यात्रा को संबोधित करते हुए सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा, कि आपरेशन सिंदूर के जरिए पूरी दुनिया ने भारतीय सेना का साहस, शौर्य और युद्ध कौशल देखा। हमारी सेना ने घर में घुसकर आतंकियों को मारा है, उनके आकाओं को सबक सिखाया है।
भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद के गुंजायमान नारों के साथ तिरंगा यात्रा शहीद संग्रालय से शुरू हुई, जो एमएस रोड, जाहरसिंह शर्मा मार्ग, हनुमान चौराहा और सदर बाजार होते हुए पुराने कलेक्टोरेट पर पहुंची। तिरंगा यात्रा जहां-जहां से गुजरी वहां फूल बरसाकर स्वागत किया गया। हजारों लोग राष्ट्रीय ध्वज को लहराते हुए चल रहे थे, इनके आगे एक खुली जीप में भारत माता और सैनिकों के वेष में छात्र-छात्राएं तिरंगा झंडा लहराते हुए चल रहे थे। उनके पीछे सैनिक बने युवा राष्ट्रीय ध्वज के साथ थे। तिरंगा यात्रा में महापौर शारदा सोलंकी, पूर्व विधायक परशुराम मुदगल, रघुराज कंषाना, राकेश मावई, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष डा. योगेशपाल गुप्ता, केदार सिंह यादव, स्कूली छात्र-छात्रा, एनसीसी केडेट्स, समाजसेवी व युवा शामिल हुए।