ग्वालियर। हाई कोर्ट में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भीम आर्मी ने मूर्ति को लेकर आज बड़े आंदोलन का ऐलान किया था। ऐसे में भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बिसारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मूर्ति समर्थक फूलबाग पर एकत्रित हुए। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है।
बता दें कि ग्वालियर हाई कोर्ट में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। 19 मई को जबलपुर में चीफ जस्टिस के साथ दोनों पक्षों की बैठक हुई थी, जिसमें मूर्ति स्थापित करने का निर्णय फिलहाल टाल दिया गया, लेकिन मूर्ति लगाने के समर्थक अब आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बिसारिया ने चेतावनी दी है कि जो लोग मूर्ति नहीं लगने देंगे उन्हें ईंट का जबाब पत्थर से दिया जाएगा।
बता दें कि भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों ने ऐलान किया है कि वह फूलबाग मानस भवन से सभा को संबोधित करने के बाद कलेक्ट्रेट की ओर कूच करेंगे। जहां ज्ञापन सौंपना तय किया गया है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से फूलबाग से हाइकोर्ट, कलेक्ट्रेट तक भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। इसके साथ ही एक दर्जन से अधिक रास्तों को डायवर्ट किया गया है। फिलहाल प्रशासन का प्रयास है कि मार्च को आगे न बढ़ने दिया जाए। ज्ञापन कार्यक्रम भी सभा स्थल पर ही संभावित है।