खरगोन। जिले के भगवानपुरा जनपद स्थित ग्राम चौखंड में बने खारक बांध की जद में आए प्रभावित एक बार फिर पुनर्वास मुआवजा राशि की मांग को लेकर आंदोलन की राह अख्तियार करते नजर आ रहे है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रभावितों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित जीआरए का हवाला देते हुए 129 आदिवासी परिवारों को पारित अवार्ड अनुसार पुनर्वास की राशि दिए जाने की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचे शिवराम कनासे, मंशाराम, केवलसिंग, भीकला, अनारसिंग आदि ने बताया कि करीब 10 साल से पूर्नवास की आस में डूब प्रभावित शासन- प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करा रहे है। 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने तीन जीआरए गठित कर 129 परिवारों के संबंध में अवार्ड पारित करते हुए उन्हें पुनर्वास राशि दिए जाने के आदेश दिए थे, लेकिन इस आदेश को भी 8 वर्ष का समय बीत गया है लेकिन अब तक शासन ने पूरी राशि नही दी है। प्रभावितों ने चेतावनी दी है कि न्यायालयीन आदेश के बाद भी शासन- प्रशासन द्वारा उन्हें समय पर राशि नही दी गई तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।