मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नवीन शिक्षा सत्र 2025-26 के प्रारंभ होने के साथ ही मंदसौर शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए थाना यातायात स्टाफ द्वारा स्कूल बसों की व्यापक जांच की जा रही है। यह अभियान विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्कूलों के बाहर एवं मुख्य चौराहों पर स्कूल बसों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसमें फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइवर का लाइसेंस, वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, वैध स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, स्टाफ की उपस्थिति और चालक का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड जैसे पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ स्कूल बसों में आवश्यक सुरक्षा मानकों की कमी भी पाई गई, जिन्हें मौके पर ही चेतावनी देकर सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया।
यह जांच अभियान आगामी दिनों तक सतत रूप से जारी रहेगा और जिन स्कूल वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई जाएंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का यह कदम स्कूली परिवहन को सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।