नीमच। युवा मेघवाल समाज संगठन द्वारा टाउन हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को तकनीकी और डिजिटल शिक्षा अपनाकर करियर बनाने का आह्वान किया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि आत्मनिर्भरता से ही करियर में सफलता मिलती है, और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मेघवाल समाज छात्रावास व ई-लाइब्रेरी के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
विशेष अतिथि इंजीनियर राहुल मेघवाल (उदयपुर) ने कहा कि गरीबी अभिशाप नहीं, लेकिन शिक्षा से वंचित रहना जरूर है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के दिखावे से दूर रहकर मेहनत से पढ़ाई करने की बात कही। 108 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, नव नियुक्त एवं सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध मारू का ऑनलाइन संदेश, प्रो. नीरज श्रीमाली, बीएल रेगर, शंभुलाल भियाँजा, डॉ. प्रह्लाद डांगी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीनारायण मेघवाल व मुकेश मेघवाल ने किया एवं आभार जिलाध्यक्ष गोपालकृष्ण श्रीमाल ने व्यक्त किया।