हरदा। नगर पालिका में सोमवार को हुई परामर्शदात्री समिति की बैठक में कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सीएमओ ने सभी प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया।
बैठक में तय किया गया कि नियमित, विनियमित और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को हर माह की 10 तारीख से पहले वेतन दिया जाएगा। नगर पालिका अपने खर्च पर सभी कर्मचारियों का 10 लाख रुपए का दुर्घटना समूह बीमा कराएगी।
वाहन ड्राइवरों को गणवेश दिया जाएगा। सफाई कर्मचारियों और फील्ड में काम करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को रेन कोट और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र कर्मचारियों को अकुशल से कुशल श्रेणी में पदोन्नत किया जाएगा।
कर्मचारियों को वर्ष 2023 के चार महीने और 2024-25 के दस महीने का एरियर जल्द दिया जाएगा। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट फैसले के अनुसार विभागीय डीपीसी बुलाकर कर्मचारियों की पदोन्नति की जाएगी।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी, जिलाध्यक्ष मुकेश धामनदेकर, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार सोलंकी, मुकेश निकुम और भारतीय सफाई मजदूर संघ के जिला महामंत्री शिवम कंडारे मौजूद रहे।