नीमच। शहर के जीआरपी थाने पर आज इंदौर जोन रेलवे के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री संतोष कोरी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, सुरक्षा उपायों एवं रिकॉर्ड का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर आईपीएस संतोष कोरी ने मीडिया से भी संवाद किया। उन्होंने आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की कार्यप्रणाली, थानों के आधुनिकीकरण, रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, और रेल संपत्ति से जुड़े अपराधों के नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
साथ ही पत्रकारों द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूछे गए प्रश्नों का भी उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया। एसपी कोरी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए रेलवे पुलिस बल निरंतर सतर्क है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। साथ ही उन्होंने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें। निरीक्षण के दौरान जीआरपी स्टाफ को अलर्ट रहने और यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए।