उज्जैन। पुलिस ने मंगलवार सुबह अचानक शहर से लगे डेरे में दबिश देकर सर्चिंग की। इन डेरे में अपराधी होने की शंका में 9 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं शहर के अलग अलग क्षेत्रों से करीब 1000 लोगों की सर्चिंग और तलाशी ली और कार्रवाई की।
महाकाल मंदिर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र से करीब एक किमी दूरी कार्तिक मेला ग्राउंड में बने डेरों पर पुलिस ने दबिश दी। यहां पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते है करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मियों के सतह डेरों पर दबिश दी गई।
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पांच अलग अलग पार्टी ने चेकिंग की है। जिसमें आरोपियों के होने की संभावना थी जो उज्जैन के आसपास के क्षेत्रों में अपराध करते हैं। 9 लोगों को हिरासत में लिया है। इनके फिंगर प्रिंट ले रहे है। कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस ने अलग अलग जगह की कार्यवाही
दबिश में सीएसपी टीआई और विशेष टीमों द्वारा चिह्नित डेरों, संदिग्ध ठिकानों और पब्लिक हॉट स्पॉट्स पर दबिश दी गई। जिसमें QRT, SAF, महिला पुलिस बल, होमगार्ड और साइबर टीम भी शामिल रही। लाल पुल क्षेत्र से 9 संदिग्धों को पूछताछ हेतु थाने लाया गया। गुलमर्ग कॉलोनी में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक पुरुष व एक महिला को रोका गया व जांच की गई।
शंकराचार्य से सदावल मार्ग पर 2 संदिग्ध व्यक्तियों को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। कार्तिक मेला क्षेत्र व सदावल के आसपास 7 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, जिनकी निगरानी पहले से दर्ज की गई थी। कुल मिलाकर 900 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेज़ सत्यापन, व्यक्तिगत पूछताछ, वाहन चेकिंग व निगरानी की कार्यवाही की गई।