नीमच। जिले के गांव मोरवन निवासी सूरजमल पिता उदा बंजारा ने सेंट्रल बैंक की शाखा पिपलिया रावजी के बैंक कर्मचारियों पर धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूरजमल ने आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में एक आवेदन देकर बताया है कि मेरे साथ सेंट्रल बैंक के दो कर्मचारियों द्वारा लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है, जिसमें एक कर्मचारी का नाम दिलीप सिंह है तथा दूसरे कर्मचारी का नाम उसे मालूम नहीं है।
सूरजमल ने यह भी आरोप लगाया है कि मेरी किसान सम्मन निधि, फसल बीमा व फसल मुआवजा की राशि बैंक कर्मचारियों द्वारा खोले गए खाते में जाने लगी तो कर्मचारियों ने खाते में से राशि निकाल ली। मेरी जमीन भी बंधक हो गई है। जब सूरजमल ने दोनों कर्मचारियों से बैंक में जाकर बात करना चाहा तो बैंक शाखा से उसे भगा दिया गया। सूरजमल ने बताया कि उसके द्वारा अनुविभागीय अधिकारी जावद और कलेक्टर के नाम पूर्व में आवेदन दिया गया है। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूरजमल ने कलेक्टर को आवेदन देकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।