नीमच। शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित बगीचा नंबर 13 के रहवासी इन दिनों बदहाल कच्ची सड़क के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। खासकर बरसात के मौसम में यहां की स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब गलियां कीचड़ और जलभराव से लबालब हो जाती हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपनी समस्या वार्ड पार्षद किरण शर्मा के सामने उठाई है, लेकिन उनकी शिकायतों को लगातार अनसुना किया जा रहा है। वार्ड के निवासियों का आरोप है कि पार्षद किरण शर्मा ने चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का वादा किया था, लेकिन अब वे अपने ही वादे से मुकर रही हैं,हमारी बात नहीं सुन रही है।बगीचा नंबर 13 के परेशान निवासियों ने नीमच कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अपनी आपबीती सुनाई और एक आवेदन प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि सांवलिया जी मंदिर के पीछे की गलियों में लगातार पानी भरा रहता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। हमारे बच्चे इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। आए दिन दुर्घटनाओं का डर बना रहता है। रहवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस रोजमर्रा की परेशानी से मुक्ति मिल सके।